रिपोर्ट – इलियास मोहम्मद
चित्तौड़गढ़। कोतवाली थाना पुलिस ने नगरपालिका कॉलोनी से चोरी की गई रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 23 अक्टूबर को जीवनलाल डांगी निवासी नगरपालिका कॉलोनी ने रिपोर्ट दी थी कि उनकी बुलेट मोटरसाइकिल, जो रात में घर के बाहर खड़ी थी, सुबह चोरी हो गई। इस पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और इस प्रकरण का खुलासा करने के लिए एएसपी सरिता सिंह के मार्गदर्शन में, डीवाईएसपी विनय चौधरी के निर्देशन और थानाधिकारी तुलसीराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने तकनीकी और मानव संसाधन के आधार पर जांच करते हुए घोसुंडा निवासी विकास खटीक (22) और हरीश टेलर (19) को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर बुलेट का हैंडल लॉक तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।