करौली | करौली की नादौती में ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए SDM काजल मीणा, उनके रीडर और एक UDC को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह मामला अब और भी रहस्यमय हो गया है, क्योंकि छापेमारी के दौरान ऑफिस से लाखों रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, SDM काजल मीणा पर खातेदारी जमीन के बंटवारे के मामले में फैसला देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने ACB को बताया कि SDM और उनके रीडर ने पहले 1 लाख रुपये की मांग की थी, जो बाद में 50 हजार रुपये में तय हुई। ACB ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद जाल बिछाया। कल शाम को शिकायतकर्ता जब पैसे लेकर SDM ऑफिस पहुंचा, तो रीडर दिनेश और UDC प्रवीण ने उससे 60 हजार रुपये लिए—जिसमें 50 हजार SDM के लिए और 10 हजार खुद के लिए मांगे गए थे। जैसे ही रीडर ने पैसे लिए, ACB टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रीडर और UDC को पकड़ लिया। इसके बाद SDM काजल मीणा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी के दौरान ACB टीम को 60 हजार रुपये की रिश्वत राशि के अलावा करीब 4 लाख रुपये नकद और मिले हैं। इन पैसों के स्रोत को लेकर अधिकारियों से पूछताछ जारी है। ACB अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि यह सिर्फ एक मामला है या भ्रष्टाचार का बड़ा नेटवर्क।