टोंक | भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने राजस्थान दौरे के दौरान संगठन, कार्यकर्ताओं और पार्टी की विचारधारा को लेकर कई अहम बातें कही।
टोंक में नवनिर्मित जिला बीजेपी कार्यालय के उद्घाटन के साथ उन्होंने एक साथ सात जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन और एक कार्यालय का वर्चुअल शिलान्यास भी किया। नितिन नवीन ने टोंक से बूंदी, प्रतापगढ़, बाड़मेर, चूरू, डूंगरपुर और पाली के जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन किया, जबकि जालोर कार्यालय का वर्चुअल शिलान्यास किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय केवल ईंट और पत्थर की इमारत नहीं होता, बल्कि यह संगठन के संकल्प और विचारों का केंद्र होता है, जहां से जनसेवा की दिशा तय होती है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने अपने पुराने दिनों को याद किया और कहा कि जब वे पहली बार 2006 में विधायक बने थे, तब वे पहली बार राजस्थान आए थे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में संगठन को खड़ा किया है और आज पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।
बीजेपी अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि राजनीति कोई 100 मीटर की दौड़ नहीं है, बल्कि यह एक लंबी दौड़ है जिसमें धैर्य और स्टेमिना की परीक्षा होती है। उन्होंने कहा कि शॉर्टकट से बचकर लगातार सेवा और संगठन के लिए काम करना ही असली राजनीति है। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रहे हैं और जल्द ही नारी वंदन अधिनियम को पूरा किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ ताकतें देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं, जबकि सरकार अंतिम पंक्ति तक योजनाएं पहुंचाने के लिए काम कर रही है। इससे पहले नितिन नवीन जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने उनका स्वागत किया। हेलिकॉप्टर की तकनीकी समस्या के कारण उन्हें टोंक पहुंचने में करीब ढाई घंटे की देरी हुई, और एक ही हेलिकॉप्टर से दो बार उड़ान भरकर उन्हें कार्यक्रम स्थल तक ले जाया गया।