अगर आपके घर में भी कोई मोबाइल फोन लेकर हर वक्त इधर-उधर घूमता रहता है... तो अब सतर्क हो जाइए। क्योंकि कई बार खतरा बाहर से नहीं... बल्कि घर के अंदर से भी हो सकता है। एक छोटी सी लापरवाही आपकी निजता को हमेशा के लिए खत्म कर सकती है। आज जो खबर हम आपको दिखाने जा रहे हैं... वो सिर्फ चौंकाने वाली नहीं... बल्कि हर परिवार को सावधान करने वाली है। मामला उत्तर प्रदेश के कानपुर से सामने आया है... जहां रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना ने सभी को हैरान कर दिया। जानकारी के मुताबिक, कानपुर में 24 वर्षीय एक युवक पर आरोप है कि वह अपने ही परिवार की महिलाओं और लड़कियों के बाथरूम में नहाते समय चोरी-छिपे अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करता था। इतना ही नहीं... वह इन वीडियो और तस्वीरों को अपने मोबाइल के साथ-साथ गूगल ड्राइव पर भी सेव करके रखता था। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से इस तरह की हरकत को अंजाम दे रहा था। मामला तब सामने आया जब गूगल के सुरक्षा सिस्टम को संदिग्ध आपत्तिजनक सामग्री का पता चला। इसके बाद कंपनी की ओर से इसकी सूचना नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से भारतीय एजेंसियों तक पहुंचाई गई। सूचना मिलने के बाद साइबर पुलिस और जांच एजेंसियां तुरंत सक्रिय हुईं। तकनीकी जांच, आईपी एड्रेस ट्रैकिंग और डिजिटल फॉरेंसिक की मदद से पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन तक पहुंची। इसके बाद पुलिस ने 24 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन और गूगल ड्राइव से कथित तौर पर कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बरामद होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इन वीडियो को किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर साझा तो नहीं किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच जारी है और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं... बल्कि हर परिवार के लिए एक बड़ी चेतावनी है। घर हो या बाहर... अपनी निजता और सुरक्षा को कभी हल्के में न लें। अगर आपको किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे... तो तुरंत पुलिस या साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर इसकी सूचना दें। फिलहाल इस मामले में आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और जांच जारी है। जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आएंगे, हम आपको अपडेट देते रहेंगे।