कहते हैं कि चोरों से तो सावधान रहा जा सकता है, लेकिन जब घर का ही भेदी लंका ढाने पर उतर आए, तो फिर किस पर भरोसा किया जाए? 'भरोसे के कत्ल' और एक बड़ी चोरी की ऐसी ही सनसनीखेज वारदात गुजरात के हीरा शहर सूरत से सामने आई है, जिसने हर व्यापारी की नींद उड़ा दी है। मामला सूरत के महिधरपुरा इलाके में स्थित एक ज्वेलरी फैक्ट्री का है। यहाँ एक मालिक ने जिस कर्मचारी को अपनी फैक्ट्री की जिम्मेदारी सौंपी थी, उसी ने तिजोरी साफ कर दी। शातिर कर्मचारी फैक्ट्री से करीब ₹30.42 लाख रुपये की कीमत का सोना और बेशकीमती हीरे समेटकर रफूचक्कर हो गया। हालांकि, आरोपी कर्मचारी कितना भी चालाक क्यों न हो, उसकी यह पूरी करतूत फैक्ट्री में लगे तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह उसने इस चोरी को अंजाम दिया। महिधरपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी के जरिए आरोपी की घेराबंदी शुरू कर दी गई है