राजस्थान से खबर जिसने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद चंबल के कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या के बाद पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई है। परिजन अब सड़क पर उतर आए हैं… और पूरे मामले की CBI जांच की मांग कर रहे हैं। सबसे पहले आपको बताते हैं… आखिर कौन था जगन गुर्जर? धौलपुर जिले के डांग क्षेत्र के भूतलीपुरा गांव का रहने वाला जगन गुर्जर… चंबल के बीहड़ों का एक ऐसा नाम था… जिसे सालों तक दहशत का दूसरा नाम माना जाता रहा। उसके खिलाफ राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में हत्या, लूट, फिरौती, अपहरण, डकैती और अवैध हथियारों समेत 100 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज बताए जाते हैं।
बताया जाता है कि साल 1994 में अपने जीजा की हत्या के बाद उसने अपना गैंग बनाया… और धीरे-धीरे चंबल के सबसे कुख्यात डकैतों में शामिल हो गया। उस पर पूर्व मुख्यमंत्री Vasundhara Raje को धमकी देने के आरोप भी लगे थे। वहीं सांसद Hanuman Beniwal ने भी संसद में उसके खिलाफ एनकाउंटर की मांग उठाई थी। अब बात इस सनसनीखेज हत्याकांड की… 29 जून को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में जगन गुर्जर की हत्या कर दी गई। आरोप है कि भरतपुर के चर्चित कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी विष्णु ने तौलिये से गला दबाकर उसकी जान ले ली। दोनों एक ही बैरक में बंद थे… घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया… और डॉक्टरों ने जगन गुर्जर को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अजमेर के जेएलएन अस्पताल की मॉर्चरी के बाहर परिवार और समर्थक धरने पर बैठ गए। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया… और पूरे मामले की CBI जांच की मांग रख दी। जगन गुर्जर के बेटे आसाराम ने दावा किया है कि उसके परिवार को जान का खतरा है। उसने जेल में बंद अपने चाचा पप्पू गुर्जर की सुरक्षा बढ़ाने और उन्हें धौलपुर जेल शिफ्ट करने की मांग भी की है। आसाराम का एक बयान अब तेजी से चर्चा में है… जिसमें उसने कहा कि… वह अपने पिता का खून है… और अन्याय का जवाब देना जानता है। उधर प्रशासन ने हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर मौजूद है… और लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन परिवार अभी भी अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है। अब पूरे राजस्थान की नजर इस सवाल पर टिकी है… क्या इस हाई प्रोफाइल जेल हत्याकांड की जांच CBI को सौंपी जाएगी…या फिर राज्य पुलिस की जांच में ही सामने आएगी पूरी सच्चाई?
फिलहाल… जांच जारी है… और हर कोई इंतजार कर रहा है… इस सनसनीखेज मौत के पीछे छिपे पूरे सच का।